विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा संयुक्त रूप से महान अक्टूबर समाजवादी क्रांति की 108 वीं वर्षगांठ बीएचईएल के फाउंड्री गेट के सामने एक मजदूर सभा करके मनायी गयी-पंकज कुमार
हरिद्वार में 7 नवम्बर 2025 को इंकलाबी मजदूर केंद्र,भेल मजदूर ट्रेड यूनियन एवं संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा व प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र एवं विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा संयुक्त रूप से महान अक्टूबर समाजवादी क्रांति की 108 वीं वर्षगांठ बीएचईएल के फाउंड्री गेट के सामने एक मजदूर सभा करके मनायी गयी।
 
मजदूर सभा से पहले कई दिन सिडकुल के मजदूर बस्तियों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर, पोस्टर प्रदर्शनी लगाकर व क्रांतियों और क्रांतिकारियों से जुड़े साहित्य का बुक स्टाल लगाकर मजदूरों के मध्य प्रचार- प्रसार किया गया।
सिडकुल के विभिन्न चौराहों पर पर्चे के माध्यम से मजदूरों को महान अक्टूबर समाजवादी क्रांति की उपलब्धियों से अवगत कराया गया।
मजदूर सभा को क्रांतिकारी गीत से प्रारम्भ किया गया।सभा को संबोधित करते हुए इंकलाबी मजदूर केंद्र के हरिद्वार प्रभारी -पंकज कुमार ने 1917 की रुस की महान अक्टूबर समाजवादी क्रांति के इतिहास पर बात रखते हुए कहा कि तीन सौ साल पुरानी निरंकुश जारशाही को मजदूर वर्ग की लौ अनुशासन पर आधारित पार्टी ने उखाड़ फेंका। इस क्रांति के नायक और मजदूरों के शिक्षक कामरेड लेनिन ने समाज के सभी शोषित -उत्पीड़ित तबकों(मजदूरों , किसानों व सैनिकों आदि)की सोवियतें (संगठन) बनाकर पूरे समाज में वैज्ञानिक समाजवाद के विचारों का प्रचार प्रसार करके आम जन मानस को क्रांति के लिए उद्वेलित और प्रेरित किया।
प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की हरिद्वार प्रभारी नीता ने कहा कि समाजवादी क्रांति ने महिलाओं को वास्तविक रूप से आजाद किया। महिलाओं की सामाजिक उत्पादन में बराबर की भागीदारी को सुनिश्चित किया। बच्चों के लिए सार्वजनिक शिशुशाला, खाने के लिए मौहल्ला स्तर पर कैंटिन की और कपड़े धोने के लिए लौंड्रियों की व्यवस्था कर महिलाओं को घरेलू दासता से मुक्ति कर दिया।
भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के महामंत्री अवधेश कुमार ने कहा कि समाजवादी क्रांति ने रुस से बेरोजगारी का खात्मा नशाखोरी व वैश्यावृत्ति जैसे सामाजिक बुराईयों का अंत कर दिया। उद्योगों समेत सभी संस्थाओं का राष्ट्रीयकरण करके मजदूर वर्ग वास्तविक रूप से इन सभी का संचालन करने लगा। एवरेडी मजदूर यूनियन के महामंत्री अनिल कुमार ने कहा कि अक्टूबर समाजवादी क्रांति ने पूंजीवादी जनवाद के स्थान पर समाजवादी जनवाद (समाज के 80% मजदूर-मेहनतकशों का जनवाद) स्थापित किया।
मजदूर सभा में इंकलाबी मजदूर केंद्र के जय प्रकाश, सिमेंस वर्कर्स यूनियन सी एंड एस के प्रदीप, एवरेडी मजदूर यूनियन के महामंत्री अनिल कुमार, किर्बी श्रमिक कमेटी के मजदूर सदस्य ,जन अधिकार संगठन के अध्यक्ष सुनील आनंद,धर्म पाल,भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के कोषाध्यक्ष नीशू कुमार
प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की सोनम ,ऊषा,प्रिति, प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की उपाध्यक्ष रजनी आदि ने भागीदारी की।सभा का संचालन भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष राज किशोर ने किया।


