21 September 2026

संविधान के अधिकारों को जमीन पर उतारना बसपा का विजन- अनिल चौधरी

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

देहरादून। बहुजन समाज पार्टी की ओर से रविवार को सहसपुर में कार्यकर्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी श्री जी.सी. दिनकर तथा बसपा उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी जी.सी. दिनकर ने कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जनता के बीच लगातार संपर्क बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का काम किया जाए। उन्होंने कहा कि बसपा की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बसपा की मजबूत उपस्थिति बनने से आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा। कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं को समझकर उन्हें संगठन के माध्यम से उठाने और समाधान की दिशा में काम करने की जरूरत है।

प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि बसपा का अपना विजन है। उन्होंने कहा कि बसपा संविधान में दिए गए अधिकारों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन को खुशहाल बनाने की दिशा में काम करना चाहती है।

अनिल चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद कांग्रेस और भाजपा बारी-बारी से सत्ता में रही हैं। जनता ने जिन उम्मीदों के साथ अलग उत्तराखंड राज्य का सपना देखा था, उन उम्मीदों के अनुरूप परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर प्रदेश के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आज उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ रहा है, जबकि प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने बिजली के मुद्दे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड की धरती पर बिजली का उत्पादन होता है, ऐसे में प्रदेश के लोगों को बिजली के क्षेत्र में राहत और प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बसपा सत्ता में आने पर ऐसी नीतियों को प्राथमिकता देगी, जिनका सीधा लाभ उत्तराखंड के निवासियों को मिले और युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करने की मजबूरी न हो।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बसपा का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और जनकल्याण की नीतियों को शासन का आधार बनाना है। उत्तराखंड की जनता को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस नीतियों की आवश्यकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर बसपा की नीतियों और विचारधारा को मजबूती से रखें तथा संगठन को गांव, सेक्टर और बूथ स्तर तक मजबूत करें।

गौरतलब है कि देहरादून में बसपा की संगठनात्मक गतिविधियां लगातार जारी हैं। 14 सितंबर को देहरादून में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ जिला एवं विधानसभा स्तर की बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद सहसपुर में आयोजित कार्यकर्ता कार्यक्रम में भी संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश महासचिव रतिराम, प्रदेश महासचिव सतेंदर, जिला अध्यक्ष केपी सिंह, जिला महासचिव प्रमोद गौतम, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र, महानगर अध्यक्ष एसपी गौतम, सद्दाम, मुंतजिर ,सुशील,बरखा,,सरला,कमला देवी,रुचि सिंह, देशराज, नवाब,गणेश दोहरे,,विनोद, पदम, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.