गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय हरिद्वार में सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर जन अधिकार पार्टी जनशक्ति का समर्थन
हरिद्वार,जन अधिकार पार्टी जनशक्ति की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती हेमा भण्डारी पार्टी फाउंडर मेंबर संजू नारंग एवं अन्य साथियों के साथ आज गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय हरिद्वार के अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समर्थन देने धरना स्थल पहुंची और विश्वविद्यालय प्रशासन की कड़ी निंदा की है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ, शाखा गुरुकुल कांगड़ी के कर्मचारियों द्वारा अवगत कराया गया है कि विश्वविद्यालय में 10 सालों से अधिक समय से अस्थाई सफाई कर्मचारी नियमित सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों द्वारा कुलसचिव से मिलकर उन्हें नियमित करने की मांग पहले भी कई बार की थी, जिस पर प्रशासन ने कोई कार्यवाही नहीं की।
 
कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा दैनिक भृति को 18000 रुपए किए जाने का पत्र देकर उन्हें भ्रमित किया जा रहा है और उनकी सेवाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय महासचिव हेमा भण्डारी ने कहा: “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि ज्ञान और समरसता का केंद्र कहे जाने वाला विश्वविद्यालय अपने ही सफाई कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। 10 साल से काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करना उनका हक है, कोई अहसान नहीं। अगर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई और उन्हें हड़ताल व भूख हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाने पड़े, तो जन अधिकार पार्टी जनशक्ति का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।”
पार्टी मांग करती है कि:
1. सभी पात्र अस्थाई कर्मचारियों को अविलंब नियमित किया जाए।
2. समान कार्य के लिए समान वेतन का सिद्धांत लागू किया जाए।
3. कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद किया जाए।
धरना पर मुख्य रूप से अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के शाखा प्रभारी जॉनी टैंक शाखा अध्यक्ष सोनू कुमार महामंत्री नवनीत सिंह मौजूद रहे।



