ऋषिकुल परिसर में आयोजित हुआ निःशुल्क हड्डी एवं मधुमेह जाँच चिकित्सा शिविर, 127 मरीजों की हुई जाँच..
ऋषिक
हरिद्वार, 10 अक्टूबर। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल परिसर स्थित पंचकर्म विभाग में आज दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को प्रवेक कल्प प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से निःशुल्क हड्डी एवं मधुमेह जाँच चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें कुल 127 लोगों की बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) तथा 73 लोगों की रक्त शर्करा की जाँच की गई।
 
शिविर का उद्घाटन परिसर निदेशक प्रो. ओ.पी. सिंह, मुख्य कुलानुशासक प्रो. खेमचंद शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय गुप्ता, प्रो. रूबी रानी, डॉ सीमा जोशी, डॉ रमेश चन्द्र तिवारी, डॉ सुरेश चौबे,डॉ संजय त्रिपाठी, डॉ संजय सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र शुक्ला, डॉ प्रवेश कुमार एवं डॉ. वेद भूषण शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी ने भी शिविर में पहुँचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई तथा इस प्रकार के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के महत्व को रेखांकित किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हड्डियों की मजबूती, ऑस्टियोपोरोसिस, जोड़ों एवं कमर के दर्द तथा मधुमेह से संबंधित समस्याओं की जाँच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर का उद्देश्य जनमानस को हड्डियों के स्वास्थ्य एवं रक्त शर्करा के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान में सहायता करना था।
शिविर की परामर्शदाता डॉ. पारुल शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. शोभित वर्ष्णेय, डॉ. भावना मित्तल, डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. प्रियंका शर्मा एवं डॉ. सविता सोनकर सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस निःशुल्क शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य जाँच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस पहल को जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।



