24 October 2026

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2 (भेल), रानीपुर हरिद्वार में तीन दिवसीय 38वीं क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ।

विज्ञापन

 

हरिद्वार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2 (भेल), रानीपुर हरिद्वार में तीन दिवसीय 38वीं क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ।

 

 

कार्यक्रम की शुरुआत खेल चेतना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई विशाल मशाल यात्रा से हुई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित पंक्तियों में नगर भ्रमण कर सभी को खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। सायंकाल विद्यालय प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण किया गया। महामंडलेश्वर प्राचीन अवधूत मंडल स्वामी रूपेंद्र प्रकाश जी महाराज ने 38वें क्षेत्रीय खेलों के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। इसके पश्चात विभिन्न प्रांतों से आई टीमों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथियों को सलामी दी।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रानीपुर विधायक माननीय आदेश चौहान जी, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश जी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री , डोमेश्वर साहू जी, प्रांत संगठन मंत्री विद्या भारती श्री प्रदीप कुमार गुप्ता जी, भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड के मंत्री श्री रजनीकांत शुक्ला जी, प्रदेश निरीक्षक उत्तराखंड श्री विजयपाल जी, विद्यालय के अध्यक्ष श्री शिव शंकर जायसवाल जी, प्रबंधक श्री अजय शर्मा जी, कोषाध्यक्ष श्री रोहित भाटिया जी एवं सरस्वती शिशु मंदिर के श्री कमल रावत जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

सभी अतिथियों का परिचय एवं स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेंद्र दत्त अन्थवाल जी ने किया, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन भानु प्रताप चौहान जी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन जीत लिया।

 

खेल जीवन निर्माण की प्रयोगशाला – डोमेश्वर साहू

 

क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री डोमेश्वर साहू जी ने कहा, “खेल केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि जीवन निर्माण की प्रयोगशाला है। खेल के मैदान पर ही छात्र अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और हार को पचाकर जीत की ओर बढ़ना सीखता है। विद्या भारती का लक्ष्य केवल अंक लाने वाले नहीं, बल्कि संस्कारवान, स्वस्थ और राष्ट्रभक्त नागरिक बनाना है।”

 

मोबाइल युग में खेल है संजीवनी – रजनीकांत शुक्ला

 

भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री श्री रजनीकांत शुक्ला जी ने कहा, “आज जब बच्चे मोबाइल की स्क्रीन में उलझे हैं, ऐसे में खेल ही वह संजीवनी है जो उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है। जो बच्चा मैदान पर पसीना बहाना सीख गया, वह जीवन में कभी हार नहीं मानेगा।”

 

अंत में विधायक श्री आदेश चौहान जी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल को खेल भावना से खेलें, जीत से अधिक महत्वपूर्ण आपका चरित्र है।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.