करवा चौथ प्रेम, विश्वास और समर्पण का पर्व है : रंजीता झा
हरिद्वार संकल्प सेवा परमो धर्म ट्रस्ट की अध्यक्ष रंजीता झा ने कहा कि करवा चौथ केवल वैवाहिक प्रेम, विश्वास और समर्पण का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और नारी शक्ति का प्रतीक भी है। नारी परिवार की आधारशिला होने के साथ-साथ समाज की प्रगति और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति है। आज महिलाएं अपनी प्रतिभा, परिश्रम और आत्मविश्वास से प्रत्येक क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
प्रत्येक महिला को अपनी परंपराओं और संस्कारों पर गर्व करने के साथ-साथ अपने सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। महिलाओं की वास्तविक शक्ति उनके आत्मविश्वास, शिक्षा, संस्कार और निर्णय लेने की क्षमता में निहित है। उन्होंने कहा कि मेहंदी महोत्सव जैसे आयोजन महिलाओं को अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। हमारा उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें, एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा बनें।
 
महिलाओं के पावन पर्व करवा चौथ के शुभ अवसर पर संकल्प सेवा परमो धर्म ट्रस्ट द्वारा आगामी 27 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को एक विशाल और गरिमामयी ‘भव्य मेहंदी महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य कार्यक्रम शिवालिक नगर स्थित ‘डब्ल्यू ग्रैंड होटल’ में आयोजित होगा, जो सुबह 11:00 बजे से शुरू होकर रात 10:00 बजे तक चलेगा।
संकल्प सेवा परमो धर्म ट्रस्ट अध्यक्ष रंजीता झा ने बताया कि संकल्प सेवा परमो धर्म ट्रस्ट पिछले चार वर्षों से लगातार सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहा है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और कांवड़ मेला जैसे बड़े अवसरों पर ट्रस्ट ने लगभग 50,000 श्रद्धालुओं की सेवा कर सामाजिक उत्तरदायित्व की एक अनूठी मिसाल पेश की है। इसी सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए इस बार करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं के लिए इस विशेष महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर ट्रस्ट से जुड़ी प्रतिभाशाली बालिकाएं और महिलाएं अपनी अनूठी मेहंदी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
वहीं समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सीमावर्ती व स्थानीय महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। इसके साथ महिलाओं और आगंतुकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। करवा चौथ पर्व को समर्पित कई विशेष और आकर्षक गतिविधियां इस उत्सव का मुख्य केंद्र रहेंगी। हरिद्वार व आसपास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध जनों और मातृशक्ति से अपील की है कि वे इस महोत्सव में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं और बालिकाओं व महिलाओं का उत्साहवर्धन करें। कार्यक्रम में संयोजक अंजलि अग्रवाल, माया शर्मा, सचिव तरूण शुक्ला, उपाध्यक्ष बृजभूषण तिवारी, कोषाध्यक्ष सुधा राठौर, सह- कोषाध्यक्ष संगीता बंसल, सहसचिव चारू शुक्ला, हरि नारायण त्रिपाठी, मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह, सलाहकार सीए आशुतोष पाण्डेय, विनोद कुमार त्रिपाठी, प्रसून दूबे, वरिष्ठ सदस्य संतोष झा, यतीश राठौर, कमलाकर शास्त्री, श्याम चरण शुक्ला अन्य सदस्य लगातार जी-जान से जुटे है।



