जननायक रामविलास पासवान की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं संकल्प सभा आयोजित
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित अनुराग पैलेस में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से जननायक स्वर्गीय रामविलास पासवान की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वर्गीय रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों एवं सामाजिक योगदान को याद किया। आयोजन में लगभग 400 से 500 लोगों की सहभागिता रही। इस दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी श्री पवन वर्मा उपस्थित रहे। वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री अंकुर कर्णवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा में संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने को लेकर चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री अंकुर कर्णवाल ने संगठन की भावी रणनीति के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि यदि विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय सदस्यों की संख्या लगभग 15 हजार तक पहुंचती है, तो पार्टी चुनाव लड़ने के विषय में विचार करेगी। उन्होंने संगठन के विस्तार और सक्रिय सदस्यता बढ़ाने को महत्वपूर्ण बताया।
सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के विचारों और उनके सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया। श्रद्धांजलि एवं संकल्प सभा का समापन संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।



