आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आठवें दिन भी धरना जारी, ममता बादल बोलीं – आश्वासन नहीं, अब ठोस कार्रवाई चाहिए
हरिद्वार। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश महामंत्री ममता बादल के नेतृत्व में पं. गोविन्द वल्लभ पंत पार्क देवपुरा और रितेश चौहान के नेतृत्व में जिला अधिकारी कार्यालय, रोशनाबाद में आठवें दिन भी धरना जारी रहा।
 
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री ममता बादल और जिला अध्यक्ष रितेश चौहान ने कहा कि पूर्व में दिए गए आश्वासन के बाद भी अभी तक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई। जिससे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में गहरी निराशा एवं असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विगत अनेक वर्षों से विस्तारित कार्यक्षेत्र, डिजिटल दायित्व, सर्वेक्षण, पोषण, मातृ शिशु कल्याण एवं विविध शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में सीमित संसाधनों के बावजूद पूर्ण निष्ठा से योगदान दे रही हैं। तथापि 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर बिना पेंशन, बिना सामाजिक सुरक्षा एवं बिना सम्मानजनक सेवा निवृत्ति लाभ के सेवा से पृथक कर दिया जाना प्रशासनिक एवं मानवीय दृष्टि से अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी बहनों से हर काम लेती है, लेकिन जब उनके हक की बात आती है तो केवल आश्वासन दिया जाता है। अब आश्वासन नहीं चलेगा, ठोस कार्रवाई चाहिए। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा।
दोनों स्थानों पर विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे धरना प्रदर्शन को आज कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन दिया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।



