ग्राम मिसरपुर में सामाजिक एकता के रूप में मनाया गया 77वां संविधान दिवस, विधायक अनुपमा रावत ने कहा – संविधान ही देश की आत्मा है
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार। ग्राम मिसरपुर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान के सम्मान में 26 नवंबर को संविधान दिवस जिला कांग्रेस पार्टी जाति विभाग हरिद्वार द्वारा 77वें संविधान दिवस को सामाजिक एकता के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
 
कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि “संविधान हमारे देश की आत्मा है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें ऐसा संविधान दिया है, जिसने हर नागरिक को चाहे वह किसी भी जाति, धर्म, वर्ग या लिंग का हो, बराबर का अधिकार दिया है। आज का दिन हमें यह याद दिलाता है कि हमें संविधान की रक्षा के लिए सदैव सजग रहना होगा।संविधान ने ही हमें बोलने की आजादी, शिक्षा का अधिकार, वोट का अधिकार और सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है। आज कुछ ताकतें संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी और हम सभी कार्यकर्ता संविधान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे।
मिसरपुर जैसे गांव में आज युवाओं का इतनी बड़ी संख्या में आना यह दर्शाता है कि नई पीढ़ी संविधान के प्रति जागरूक है। हमें सामाजिक एकता को मजबूत करना है, जात-पात के भेदभाव को मिटाना है और बाबा साहब के सपनों का भारत बनाना है। यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

इस अवसर पर जिला कांग्रेस जाति विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि ने कहा कि “आज 77वां संविधान दिवस हम सभी के लिए गर्व का दिन है। 26 नवंबर 1949 को हमारा संविधान बनकर तैयार हुआ था, जिसने देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। बाबा साहब ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। संविधान दिवस को सामाजिक एकता दिवस के रूप में मनाने का हमारा उद्देश्य यही है कि समाज में भाईचारा बढ़े, ऊंच-नीच की दीवारें टूटें और हर व्यक्ति को सम्मान मिले। संविधान हमें यह सिखाता है कि कोई छोटा-बड़ा नहीं है, सब बराबर हैं।
मैं सभी युवाओं से आह्वान करता हूँ कि वे संविधान को पढ़ें, समझें और उसके बताए मार्ग पर चलें। यदि हम संविधान को मजबूत रखेंगे, तो हमारा लोकतंत्र मजबूत रहेगा और देश तरक्की करेगा। कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान की रक्षक रही है और आगे भी रहेगी।”
इस अवसर पर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत,तीर्थ पाल रवि,श्रीमती नीलम वीपीएस तेज्यान, दीपक कुमार, अभिषेक कुमार, कार्तिक कुमार, विजेंद्र कुमार, अक्षय नागपाल, नाग सिंह कश्यप समेत काफी संख्या में युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, भाईचारे और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।



