भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), उत्तर क्षेत्र कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा हरिद्वार में स्ट्रीट फूड विक्रेता प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

हरिद्वार दिनांक 28 नवम्बर, 2025 भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), उत्तर क्षेत्र कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा हरिद्वार में स्ट्रीट फूड विक्रेता प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

 

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के सहयोग से आज ऋषिकुल परिसर के सभागार में स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यक्रम खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन (FoSTaC) पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 500 स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

ज्ञातव्य है कि FSSAI द्वारा उत्तराखंड के तीन संसदीय क्षेत्रों गढ़वाल, हरिद्वार और नैनीताल ऊधमसिंहनगर में लगभग 3,000 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और हाइजीन पर प्रशिक्षण दिया जाना है। इसी क्रम में, प्रथम चरण में हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के लगभग 500 स्ट्रीट वेंडर्स को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत भी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जा सके और शहर की खाद्य सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाया जा सके।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। संयुक्त निदेशक, FSSAI, श्री अंकेश्वर मिश्रा द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया गया। श्री मिश्रा ने अपने स्वागत उद्बोधन में ‘ईट राइट इंडिया’ पहल और FoSTaC प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिद्वार के सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने उद्बोधन में स्वास्थ्य मंत्रालय को बधाई देते हुए कहा कि यह सोच माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी की है। कौशल विकास मंत्रालय भी इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार चला रहा है। उन्होंने कहा कि फूड वेंडर्स देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में विशेष भूमिका निभाते हैं। आप लोग ऐसे साधारण व्यक्तियों को भोजन उपलब्ध कराते हैं, जो बड़े-बड़े होटल में नहीं जा सकते, और आप लोग उन्हें अत्यंत सस्ते में भोजन उपलब्ध कराते हैं।
मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर देव भोग प्रसाद का विशेष उल्लेख किया, जिसे स्वच्छता के मानकों पर तैयार किए जाने को प्राथमिकता दी जाती है, और इस संदर्भ में आज का प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी पूर्ण स्वच्छता के मानकों का पालन करते हुए शुद्धता के भाव के साथ खान-पान तैयार करेंगे, तो यह हरिद्वार से एक अच्छा संदेश जाएगा।

उन्होंने हरिद्वार की महिमा को स्वच्छता के साथ जोड़ते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण आपको पूरे देश और विदेश में स्वच्छता एम्बेसडर बनाएगा और आपके व्यवहार का अनुकरण किया जाएगा।

मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने, अपने कार्यक्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, तथा खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन करने की शपथ (pledge) दिलाई। इसके साथ ही स्ट्रीट फूड व्यवसाय से जुड़े 5 व्यवसायियों को ऑन-द-स्पॉट FoSTaC प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर, Lions Club हरिद्वार के सदस्यों को भी मुख्य अतिथि द्वारा उनके समर्थन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि श्री मदन कौशिक, विधायक, हरिद्वार, ने इस आयोजन की सराहना की और कहा कि आगामी कुंभ मेले को दृष्टिगत रखते हुए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि कुंभ मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

श्री श्यामबीर सिंह, दर्जाधारी राज्यमंत्री, ने कहा “खाना हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना पुण्य का काम है। यह प्रशिक्षण स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए अत्यंत लाभकारी होगा।”

श्री संजय चोपड़ा, अध्यक्ष, स्ट्रीट फूड वेंडर्स एसोसिएशन, हरिद्वार, ने कहा “स्ट्रीट फूड वेंडर्स की यह प्रशिक्षण एक सार्थक प्रयास है।”

प्रशिक्षण सत्र में सुश्री प्रीथा त्रिपाठी और श्री विनय कुमार स्टिफन ने वेंडर्स को सुरक्षित खाद्य संचालन, स्वच्छता मानक, व्यक्तिगत स्वच्छता, पानी एवं बर्तन स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, कार्यक्षेत्र की सफाई और उपभोक्ता सुरक्षा जैसे सभी पहलुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इंटरैक्टिव अभ्यास और वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से वेंडर्स को तुरंत लागू किए जा सकने वाले कौशल सिखाए गए।

समापन अवसर पर उप आयुक्त, FDA उत्तराखंड, श्री गणेश कंडवाल ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और स्ट्रीट फूड वेंडर्स का धन्यवाद किया। उन्होंने वेंडर्स से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण में सीखे गए सुरक्षित खाद्य संचालन, स्वच्छता मानक और उपभोक्ता सुरक्षा के सभी पहलुओं को अपने कार्यक्षेत्र में नियमित रूप से अपनाएँ और हरिद्वार में स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करें।

श्री कंडवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम FSSAI के राष्ट्रव्यापी प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उत्तराखंड में ‘ईट राइट इंडिया’ गतिविधियों के विस्तार को गति देता है। लगभग 500 स्ट्रीट फूड वेंडर्स की सक्रिय भागीदारी ने इस कार्यक्रम को प्रभावी और “सभी के लिए सुरक्षित खाद्य” की प्रतिबद्धता को मजबूत बनाया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग गुप्ता, सहायक प्रबंधक, FSSAI द्वारा किया गया। इस अवसर पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे, जिनमें सुश्री निमांशी, प्रबंधक, श्री पुनीत गुप्ता, सहायक निदेशक, श्री रोहन कुमार ढाका, CFSO, श्री ललित, तकनीकी अधिकारी, और श्री इफ्तेखार आलम, सहायक शामिल थे। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे, जिनमें डॉ. आर. के. सिंह, संयुक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा), श्री महिमानंद जोशी, अभिहित अधिकारी, जनपद हरिद्वार, श्री दिलीप जैन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, श्री कैलाश टम्टा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हरिद्वार, श्री योगेंद्र पांडे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रुड़की एवं श्री पवन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, भगवानपुर शामिल थे।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.