नवनिर्मित गंगा घाट का नाम पूर्व विधायक स्व. अंबरीश कुमार के नाम पर रखने की मांग, प्रतिनिधिमंडल ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन- मनोज सैनी
हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी के नेतृत्व में न्यू अम्बरीश कुमार विचार मंच के अध्यक्ष सोम त्यागी और पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा।
 
मुख्य विकास अधिकारी को प्रेषित मांगपत्र में न्यू अम्बरीश विचार मंच के अध्यक्ष *सोम त्यागी* ने बताया कि हरिद्वार में *अर्धकुंभ मेला-2026* के दृष्टिगत गंगा जी के तट पर नवनिर्मित घाटों का निर्माण किया जा रहा है। यह घाट आने वाले समय में श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक स्थल के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
इसी संदर्भ में न्यू अंबरीश कुमार विचार मंच की ओर से अनुरोध किया गया है कि *ऋषिकुल स्थित नवनिर्मित गंगा घाट का नाम “स्वर्गीय श्री अंबरीश कुमार जी गंगा घाट” के नाम पर रखा जाए।*
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय श्री अंबरीश कुमार जी हरिद्वार के पूर्व विधायक, समाजसेवी एवं अत्यंत लोकप्रिय जननेता रहे हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव क्षेत्र की जनता के हितों, सामाजिक सरोकारों तथा जनसेवा को प्राथमिकता दी। हरिद्वार के सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में उनके योगदान को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।
*वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा* कि स्व. अंबरीश कुमार जी ने हरिद्वार की जनता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। ऐसे जनप्रिय नेता के नाम पर घाट का नामकरण किया जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान से प्रेरित होंगी।
*पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा* कि प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। घाट का नामकरण स्व. अंबरीश कुमार जी के नाम पर होने से हरिद्वार के लोगों की भावनाएं भी जुड़ेंगी।
प्रतिनिधिमंडल में मनोज सैनी, सोम त्यागी, तरुण व्यास, सुमित चौधरी, विक्की ठाकुर, अमित भट्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।



