निर्मल हरिद्वार परियोजना के अंतर्गत श्री मिथिलेश सनातन धर्म इंटर कॉलेज में स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण पर बिग सेशन आयोजित
हरिद्वार, 12 सितंबर 2026। विकास विकल्प (Development Alternatives–DA) एवं आदर्श युवा समिति (AYUS) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित निर्मल हरिद्वार परियोजना के अंतर्गत शनिवार को श्री मिथिलेश सनातन धर्म इंटर कॉलेज, चौक बाजार, वार्ड नंबर 30 में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन विषय पर एक जागरूकता बिग सेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 81 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
 
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण, चार प्रकार के डस्टबिन तथा ठोस कचरा प्रबंधन (Solid Waste Management) के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने चारों डस्टबिन के उपयोग को समझने के लिए आयोजित चार्ट गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रकार के कचरे को उचित डस्टबिन में वर्गीकृत किया।
कार्यक्रम में कचरा पृथक्करण एवं ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित एक इंटरैक्टिव क्विज सेशन भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रश्नों के उत्तर दिए तथा विषय से संबंधित जिज्ञासाएं साझा कीं। इस दौरान विद्यार्थियों में स्वच्छता, जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अच्छा उत्साह देखने को मिला।
सत्र में नॉन-मैकेनाइज्ड कंपोस्टर (Non-Mechanized Composter–NMC) की अवधारणा के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस पहल में रुचि दिखाई और इसके महत्व को समझा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गगन वीर सिंह सहित अंजू शर्मा एवं कृष्णानंद जोशी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया तथा सत्र की सराहना की।
कार्यक्रम में DA टीम से निरंजन सिंह एवं कमल पोखरियाल तथा AYUS टीम से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर पवन कुमार, अमित कुमार एवं वंश उपस्थित रहे।



