राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल 19 सितंबर दीक्षांत समारोह को करेंगे संबोधितः केके पंत
हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले 20 सितंबर समारोह को करेंगे संबोधितः प्रो. प्रवीण दो दिवसीय दीक्षांत समारोह में 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां की जाएंगी प्रदानः एनके नवानी
 
हरिद्वार रुड़की भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी रुड़की) 19 और 20 सितंबर 2026 को दीक्षांत समारोह 2026 आयोजित करने के लिए तैयार है। 2,701 विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और सफलताओं का उत्सव मनाया जाएगा। दो दिवसीय समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा रक्षा प्रौद्योगिकी और उद्योग के क्षेत्र से प्रतिष्ठित नेता शामिल होंगे जो शैक्षणिक उत्कृष्टता, अत्याधुनिक अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्रीय विकास के प्रति आईआईटी रुड़की की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बृहस्पतिवार को आईआईटी रुड़की के सीनेट हॉल में पत्रकारों से प्रेस वार्ता के दौरान प्रो. केके पंत निदेशक आईआईटी रुड़की ने दीक्षांत समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार दीक्षांत समारोह दो दिवसीय 19 और 20 सितंबर को होगा। इस बार दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय और उद्योग जगत के प्रतिष्ठित नेता विद्यार्थियों और संस्थान समुदाय को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया दीक्षांत समारोह का पहला दिन 19 सितंबर 2026, स्नातक (UG) विद्यार्थियों के लिए समर्पित होगा। इस अवसर पर अजित डोभाल भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ऑफ इंडिया एवं सचिव, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स, विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। दीक्षांत समारोह का दूसरा दिन, 20 सितंबर, स्नातकोत्तर (पीजी) एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों के लिए समर्पित होगा। इस अवसर पर हर्षवर्धन चितले मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीईओ, हीरो मोटोकॉर्प, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। डॉ. कपिल गर्ग, संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक, ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड तथा प्रबंध निदेशक, एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। अधिवक्ता हरीश साल्वे, पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, आईआईटी रुड़की, दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। अतिथियों की यह श्रृंखला विद्यार्थियों के सामने उपलब्ध व्यापक अवसरों और जिम्मेदारियों को रेखांकित करती है तथा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और उद्योग के बीच मजबूत संबंध को दर्शाती है। प्रो. केके पंत ने कहा कि दीक्षांत समारोह हमारे विद्यार्थियों की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव और आईआईटी रुड़की के पूरे समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। इस अवसर पर प्रेस वार्ता में डिप्टी डायरेक्टर प्रोफेसर प्रवीण कुमार, एकेडमिक डीन प्रोफेसर एनके नवानी उपस्थित रहे।



