21 September 2026

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर ऋषिकुल परिसर में नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

विज्ञापन

 

हरिद्वार। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में दिनांक 21 सितंबर 2026 को उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, ऋषिकुल परिसर, हरिद्वार के शालाक्य तंत्र विभाग द्वारा B&H Pharma के सहयोग से नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क नेत्र स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को नेत्रों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आयुर्वेद की जीवनशैली एवं उपचार पद्धतियों के माध्यम से नेत्रों को स्वस्थ रखने के उपायों की जानकारी प्रदान करना था।

 

 

कार्यक्रम के प्रारंभ में परिसर निदेशक प्रो. डॉ. ओ. पी. सिंह ने नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता पुस्तिकाएं एवं पम्पलेट वितरित किए गए। इसके पश्चात शालाक्य तंत्र विभाग की ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण एवं परामर्श की व्यवस्था की गई। शिविर के दौरान लगभग 30 नेत्र रोगियों का नेत्र परीक्षण किया गया। रोगियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार नेत्र स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आवश्यक नेत्र बिंदु (आई ड्रॉप्स) निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। साथ ही, नेत्रों की देखभाल, उचित दिनचर्या एवं नेत्र रोगों से बचाव से संबंधित जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।

 

इस अवसर पर चिकित्सकों द्वारा रोगियों को बताया गया कि वर्तमान समय में लंबे समय तक मोबाइल, कंप्यूटर एवं अन्य डिजिटल स्क्रीन के उपयोग, अनियमित दिनचर्या तथा आंखों की उचित देखभाल न करने के कारण नेत्र संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या, ऋतुचर्या, उचित आहार-विहार एवं नेत्र संरक्षण के उपायों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। साथ ही, नेत्रों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

 

कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. डॉ. ओ. पी. सिंह, शालाक्य तंत्र विभाग की विभागाध्यक्ष एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. गुंजन शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका रानी सहित विभाग के पी.जी. स्कॉलर्स दीपिका, विधि, पूनम, स्वाति, निकिता, गीतांजलि, सोनाली, निकिता, जय श्याम, रिवंश एवं सोनल आदि उपस्थित रहे।

 

शालाक्य तंत्र विभाग द्वारा आयोजित इस जागरूकता शिविर के माध्यम से मरीजों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित नेत्र परीक्षण कराने तथा आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित रोगियों ने नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी को उपयोगी बताते हुए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.