बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, भाकियू क्रांति ने मुआवजे की मांग उठाई- पंकज राणा
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन क्रांति के जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार राणा ने बेमौसम हुई बरसात और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई करने हेतु जिलाधिकारी से आग्रह किया है।
 
उन्होंने बताया कि मौसम ने अचानक ऐसा खतरनाक रूप धारण किया कि देखते ही देखते आसमान काले घने बादलों से घिर गया और दिन में ही अंधेरा छा गया। कुछ ही देर में तेज तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरने लगे। अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के चलते लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को हैरान कर दिया। दिन के समय अचानक अंधेरा छाने से ऐसा लगा मानो शाम हो गई हो। आसमान में छाए काले बादलों के बीच तेज हवाओं ने मौसम को और भी भयावह बना दिया। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए मजबूर कर दिया।
भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार राणा ने बताया कि इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से चार पहिया गाड़ियों के शीशे टूटे पेड़ों को नुकसान हुआ तथा गन्ना, धान और सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। आसमान से गिरे कुछ ओलों का वजन करीब 50 ग्राम तक होने का दावा किया गया है। हालांकि ओलों के वास्तविक वजन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भाकियू क्रांति ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खेतों का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।



