22 November 2026

शताब्दी तक अनुशासनपूर्वक संगठन चलाना बड़ी साधना-मोहन भागवत जी

विज्ञापन

 

हरिद्वार 21 नवंबर जन्मशताब्दी समारोह में वैदिक मंत्रों के पाठ, बैण्ड एवं शंखनाद के साथ तीन कलशों के प्रवेश के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हो गया। यह कलश गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं श्रीराम शर्मा की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा एवं कर्मभूमि हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में अलख जगाते हुए समारोह स्थल पहंुचा। जहां वरिष्ठ कार्यकर्त्ताओं ने मंगल आरती कर स्वागत किया। डाक टिकट समारोह कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने की।

 

प्रातःकालीन सत्र के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने कहा कि सौ वर्ष पूरे करना किसी भी संगठन के लिए आसान नहीं होता और उसे अनुशासनपूर्वक आगे बढ़ाना उससे भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान स्वयं सामने नहीं आते, बल्कि योग्य व्यक्तियों और संगठनों को उसका श्रेय और उत्तरदायित्व प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन को लेकर किसी प्रकार की शंका या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान विश्व अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और इन समस्याओं के समाधान के लिए दुनिया की निगाह भारत की ओर है, क्योंकि भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में ही मानवता को दिशा देने की क्षमता निहित है।

सरसंघचालक ने कहा कि किसी संगठन के सौ वर्ष पूरे होने की यात्रा में उपेक्षा और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन निरंतर सेवा और समर्पण के बाद समाज का समर्थन, विश्वास और मान्यता भी प्राप्त होती है। उन्होंने संघ और गायत्री परिवार के कार्यों को ईश्वरीय उद्देश्य से जुड़ा बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यों का निरंतर विस्तार और सफल होना उनकी स्वाभाविक नियति है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा गया कि हनुमान जी पूरी दुनिया के सेवाभावी कार्यकर्ताओं के आदर्श हैं। जिस प्रकार उन्होंने स्वयं को रामकार्य में समर्पित किया, उसी प्रकार प्रत्येक कार्यकर्ता को सनातन संस्कृति और समाज निर्माण के कार्य को समर्पण के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन सौभाग्य के उदय का ऐतिहासिक अवसर लेकर आया है। उन्होंने महर्षि अरविन्द के कथन का स्मरण करते हुए कहा कि वर्ष 2026 इतिहास के पन्नों में दिव्य ज्योति के अवतरण के वर्ष के रूप में जाना जाएगा। परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के व्यक्तित्व और कर्तृत्व को याद करते हुए डॉ. पण्ड्या ने कहा कि माताजी का संपूर्ण जीवन तप, त्याग, साधना और समाज निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि माताजी ने जिस विराट संकल्प और संगठन शक्ति के साथ अश्वमेध महायज्ञों का संचालन किया, वह अपने आप में अद्वितीय उदाहरण है।

इससे पूर्व जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक आत्मा उसके भवन, संसाधन अथवा विस्तार में नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले व्यक्तियों के चरित्र, साधना, समर्पण और जीवन-मूल्यों में निहित होती है। इसके साथ ही श्रीहरि सेवा धाम के प्रमुख स्वामी हरिचेतनानंद जी, आर्ष विद्या मंदिर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद जी, सूरतगिरि बंगला के प्रमुख स्वामी विश्वेश्वरानंद जी आदि ने समारोह में अपना आशीवर्चन प्रदान किया।

इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने अतिथियों को गायत्री महामंत्र लिखित चादर, रुद्राक्ष माला, स्मृति चिह्न आदि भेंटकर अभिनंदन किया। इस दौरान भारत सहित 40 देशों से आये गायत्री परिजन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

—————————————–

वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में स्मारक डाक टिकट का विमोचन

हरिद्वार।

परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर उनके तप, त्याग, सेवा और मातृत्व से ओतप्रोत जीवन की स्मृति में विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया। डाक टिकट के माध्यम से समाज में व्यापक जनचेतना जगाने और युग निर्माण अभियान को नई दिशा देने वाले उनके विराट व्यक्तित्व को नमन किया गया।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम जी तथा जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या सहित उपस्थित अतिथियों ने स्मारक डाक टिकट का संयुक्त रूप से अनावरण किया।

इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, करुणा और मातृत्व को स्मरण करते हुए उनके जीवन को नारी जागरण, सेवा और सामाजिक चेतना का प्रेरक उदाहरण बताया। जन्मशताब्दी वर्ष में जारी स्मारक डाक टिकट उनके विचारों, जीवन मूल्यों और समाज निर्माण में दिए गए योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाने का प्रतीक बनेगा। डाक टिकट के अनावरण के साथ समारोह में उपस्थित हजारों परिजनों ने श्रद्धा और भावनाओं के साथ परम वंदनीया माताजी को नमन किया।

————————————-

डॉ. मोहन भागवत ने शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से की भेंट

हरिद्वार।

शांतिकुंज प्रवास के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शांतिकुंज पहुंचे और शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से आत्मीय भेंट की। इस दौरान दोनों प्रमुखों के बीच विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा हुई। भेंट के दौरान आध्यात्मिक मूल्यों, समाज निर्माण और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े विषयों पर आत्मीय संवाद हुआ।

डॉ. भागवत ने शांतिकुंज स्थित सिद्ध अखंड दीप के दर्शन कर विश्व बंधुत्व और लोकमंगल की प्रार्थना की। इसके पश्चात उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं में भावांजलि अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर श्रद्धेया शैलदीदी ने डॉ. मोहन भागवत का मंगल तिलक कर स्वागत किया। उन्हें गायत्री महामंत्र अंकित उपवस्त्र, युग साहित्य और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या, शांतिकुंज महिला मंडल प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं परिजन उपस्थित रहे।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.