राजस्व वृद्धि पर ज़ोर: जिलाधिकारी ने विभागों को सौ प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

विज्ञापन

 

हरिद्वार। शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन, आबकारी, परिवहन, रोडवेज, राज्य कर, खनन, विद्युत, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, पर्यटन और सिंचाई विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के अनुरूप राजस्व लक्ष्य हर हाल में शत-प्रतिशत प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की प्रगति धीमी है, उनमें तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी प्राइवेट बसों के परमिट की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि परमिट नियमों के अनुरूप ही जारी किए गए हैं। साथ ही विद्युत विभाग को हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार की राजस्व हानि न होने पाए। विद्युत चोरी रोकने, निगरानी बढ़ाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि राजस्व वृद्धि के लिए विभागों के बीच बेहतर आपसी समन्वय बेहद आवश्यक है। सभी अधिकारी योजनाओं की समय-समय पर समीक्षा बैठकें करते हुए प्रगति सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपेंद्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी हरिद्वार जितेंद्र कुमार, जिला खनन अधिकारी काजिम रज़ा, एआरटीओ निखिल शर्मा, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, ज्वॉइंट कमिश्नर राज्य कर संजीन सोलंकी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

ये भी पढ़ें

Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.