बीएचईएल हरिद्वार में राष्ट्रव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार, 20 मार्च: बीएचईएल हरिद्वार के मुख्य चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव हेतु, एचपीवी राष्ट्रव्यापी टीकाकरण की शुरूआत की गई है । बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने, प्रमुख (चिकित्सा सेवाएं) डा. शारदा स्वरूप की उपस्थिति में, आज इस अभियान का शुभारम्भ किया ।
 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री रंजन कुमार ने कहा कि यह टीकाकरण अभियान, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य की दिशा में, बीएचईएल द्वारा उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है । साथ ही उन्होंने भविष्य में भी ऐसे अन्य जनहित कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया । डॉ. शारदा स्वरूप ने उपरोक्त टीकाकरण से सम्बंधित ‘यू-विन’ पोर्टल की विस्तृत जानकारी प्रदान की । उन्होनें बताया कि यह पोर्टल टीकाकरण की निगरानी और प्रबंधन के लिए, एक सशक्त डिजिटल प्लेटफार्म है ।
डॉ. दीपा कर्मा शिल्पी, परामर्शदाता (बाल एवं शिशु रोग) ने भारत में सर्वाइकल कैंसर की वर्तमान स्थिति, इसके बढ़ते हुए मामलों तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर संक्षिप्त व्याख्यान प्रस्तुत किया । कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस. पी. सिंह, विभागाध्यक्ष (ईएनटी) ने सभी का आभार व्यक्त किया ।
इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, डीआरओ, बीएचईएल चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ के सदस्य तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे ।

