स्वच्छता के सिपाहियों का हुआ सम्मान आर्य समाज नंद विहार ने पर्यावरण मित्रों को ओढ़ाए ओ३म् अंगवस्त्र व शॉल-हरपाल सिंह सैनी
रुड़की, 30 मई 2026 स्वच्छ भारत अभियान को धरातल पर उतारने वाले नगर निगम रुड़की के पर्यावरण मित्रों को आर्य समाज नंद विहार ने सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। आर्य समाज मंदिर, नंद विहार के सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में सभी सफाई कर्मियों को ओ३म् अंकित अंगवस्त्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
*क्रांति दिवस पर रह गए थे वंचित, आज मिला सम्मान*
 
आर्य समाज के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा 10 मई स्वतंत्रता क्रांति दिवस के पावन अवसर पर इन पर्यावरण मित्रों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया था। परंतु शहर की स्वच्छता व्यवस्था बाधित न हो, इसलिए सभी कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। “राष्ट्र सर्वोपरि की भावना को ध्यान में रखते हुए हमने कार्यक्रम स्थगित कर दिया था। आज सभी को ड्यूटी से समय मिलते ही आमंत्रित कर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है,”
*‘ये ही हैं असली स्वच्छता दूत’ – प्रधान आर्य हरपाल सैनी*
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा, “महर्षि दयानंद सरस्वती ने हमें ‘कृण्वन्तो विश्वमार्यम्’ का संदेश दिया है। स्वच्छता भी आर्यत्व का ही एक रूप है। हमारे पर्यावरण मित्र भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड और मूसलाधार बारिश में भी रुड़की की सड़कों-गलियों को साफ रखते हैं। ये समाज के सच्चे नायक हैं। इनका सम्मान करना श्रम का सम्मान है और यही सच्चा राष्ट्रवाद है।” उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक अपने घर के आसपास सफाई रखकर इन पर्यावरण मित्रों का सहयोग करे।
*सम्मान पाकर भावुक हुए सफाई कर्मी*
ओ३म् अंगवस्त्र और शॉल पाकर पर्यावरण मित्र भावुक हो गए। सफाई नायक दीपक इरदे ने कहा, “25 साल की नौकरी में पहली बार किसी सामाजिक संस्था ने हमें मंच पर बुलाकर इतना सम्मान दिया है। इससे हमारे पूरे परिवार का मनोबल बढ़ा है। अब हम दोगुनी मेहनत से शहर को साफ रखेंगे।” महिला पर्यावरण मित्र सुनीता ने कहा कि समाज का यह स्नेह देखकर सारी थकान दूर हो गई।
*वैदिक मंत्रों के साथ हुआ शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ एवं ओ३म् के सामूहिक उच्चारण से हुआ स्वच्छता को ‘देव-पूजन’ के समान बताते हुए हरपाल सैनी ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई तथा जलपान भी कराया

