विश्व पर्यावरण दिवस पर शांतिकुंज में पौधारोपण किया गया
हरिद्वार 5 जून।जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शांतिकुंज में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर महिला मण्डल की प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने कमरख के पौधा रोपा।
 
इससे पूर्व संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही भविष्य की पीढिय़ों के सुरक्षित जीवन की गारंटी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
वहीं पौधारोपण के साथ पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर व्यवस्थापक श्री योगेन्द्र गिरि, उद्यान विभाग प्रभारी श्री सुधीर भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।
उधर शांतिकुंज के युवा प्रतिनिधि डॉ चिन्मय पण्ड्या अपने कनाडा प्रवास के दौरान एडमोंटन स्थित प्रज्ञाकुंज-होलिस्टिक वेलनेस एवं आध्यात्मिक केन्द्र परिसर में पौधारोपण किया और वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
————————————
शांतिकुंज में 10 दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ
नई पीढ़ी को भाषा और संस्कारों से जोडऩा आवश्यक : श्रीमती शैफाली पण्ड्या
हरिद्वार 5 जून।
शांतिकुंज में 10 दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ हुआ। कैंप का उद्घाटन श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस शिविर में गायत्री विद्यापीठ के कक्षा 3 से 12वीं तक के चयनित छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने कहा कि भारतीय भाषाएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, भारतीय संस्कृति तथा उच्च जीवन मूल्यों से जोडऩा अत्यंत आवश्यक है। ऐसे शिविर बच्चों में भाषाई दक्षता के साथ-साथ संस्कार, नैतिकता और राष्ट्रभावना को भी सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कैंप की समन्वयक ने बताया कि दस दिनों तक चलने वाले इस शिविर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए नैतिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति तथा विभिन्न पर्व-त्योहारों के वैज्ञानिक महत्व की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी जागरूकता, यातायात नियमों की जानकारी, फायर सेफ्टी तथा आत्मरक्षा संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर व्यवस्थापक श्री योगेन्द्र गिरि, प्रधानाचार्य श्री सीताराम सिन्हा, महिला मण्डल की बहनें तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

