कनाडा की केंद्र सरकार एवं कैलगरी नगर ने किया गायत्री परिवार का सम्मान

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

हरिद्वार 7 जून। देवभूमि उत्तराखण्ड से जन्मशताब्दी वर्ष का संदेश लेकर कनाडा पहुंचे शांतिकुंज के युवा प्रतिनिधि डॉ चिन्मय पण्ड्या को कनाडा सरकार एवं कैलगरी नगर ने सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ही ओंटारियो राज्य द्वारा युवा प्रतिनिधि डॉ पण्ड्या को सम्मानित किया गया था।

 

शांतिकुंज प्रतिनिधि डॉ पण्ड्या ने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों, गायत्री परिवार के वैश्विक सेवा-कार्यों तथा भारतीय संस्कृति के सार्वभौमिक संदेश के प्रति व्यक्त श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है।

कनाडा की केंद्र सरकार की ओर से कैलगरी (अल्बर्टा) के तीन सांसदों ने विशेष सम्मान पत्र भेंटकर युवा आइकॉन डॉ. पण्ड्या के विश्व शांति, मानवीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय एवं वैश्विक सद्भाव के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय योगदानों के प्रति अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने मानवता के कल्याण तथा विश्वबंधुत्व की स्थापना हेतु गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।

यह सम्मान गायत्री परिवार के उन सतत प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है, जो युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के आदर्शों के अनुरूप मानवता के उत्थान, नैतिक जागरण और विश्वकल्याण के लिए निरंतर संचालित हैं।

वहीं कैलगरी नगर के उच्चाधिकारी ने भी शांतिकुंज के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या का विशेष सम्मान किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक श्री माइक जेमिसन ने सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्हें सम्मान पत्र भेंट किया तथा उनके प्रेरणादायी नेतृत्व, मानवीय मूल्यों के संवर्धन और समाज-निर्माण में दिए जा रहे योगदान की सराहना की।

कनाडा की केंद्र सरकार तथा कैलगरी नगर द्वारा प्राप्त ये सम्मान गायत्री परिवार के वैश्विक प्रभाव, सेवा-साधना और विश्वकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता के गौरवपूर्ण प्रमाण हैं।

अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी सहित देवसंस्कृति विवि व शांतिकुंज परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.