आरटीसी प्रशिक्षुओं को एनडीआरएफ एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा जागरूक किया गया
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार आरटीसी प्रशिक्षुओं को एनडीआरएफ एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा जागरूक किया गया
 
सेनानायक महोदय श्री आयुष अग्रवाल,IPS के निर्देशन में 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में चल रहे 9 माह के प्रशिक्षण के क्रम में आज दिनांक 10/06/2026 को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में स्थित आरटीसी सभागार में 230 प्रशिक्षु आरक्षियों हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 15वीं बटालियन एनडीआरएफ की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन, बाढ़ एवं जल दुर्घटनाओं के दौरान बचाव कार्य, जीवन रक्षक उपकरणों के उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। एनडीआरएफ टीम ने विभिन्न रेस्क्यू उपकरणों का प्रदर्शन करते हुए प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
इसके उपरांत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), हरिद्वार के अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षुओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, नशे की रोकथाम एवं समाज में बढ़ती नशाखोरी के विरुद्ध जागरूक किया गया। साथ ही मादक पदार्थों से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में जानकारी देते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आपदा प्रबंधन एवं नशा उन्मूलन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। यह कार्यक्रम प्रशिक्षुओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया तथा जन-जागरूकता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।
— 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार

