शिक्षक दिवस पर नवोदय नगर में गूंजा शिक्षा का मुद्दा, जनता ने सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से पूछा – 4 साल बाद भी कहां है हमारा सरकारी विद्यालय?
*हरिद्वार।* एक ओर पूरा देश शिक्षक दिवस पर अपने गुरुओं को सम्मान दे रहा है, वहीं दूसरी ओर *नवोदय नगर, सिडकुल क्षेत्र* की जनता अपने बच्चों के भविष्य के लिए आज भी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। शिक्षक दिवस के अवसर पर नवोदय नगर की जनता ने क्षेत्र में शिक्षा की बदहाली और सरकार की उदासीनता को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है।
जनता ने माननीय सांसद, हरिद्वार *श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जी* से स्पष्ट और तीखे सवाल पूछे हैं कि आखिर उनके बच्चों को पूर्ण शैक्षिक सुविधा कब तक मिल पाएगी? क्यों 11 नवंबर 2021 को दिए गए आश्वासन के बाद भी आज तक नवोदय नगर में एक अदद सरकारी इंटर कॉलेज नहीं बन पाया?
 
नवोदय नगर के निवासियों, महिलाओं और युवाओं ने सभी गुरुजनों और श्रेष्ठजनों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। लेकिन जब क्षेत्र में स्कूल ही नहीं होगा, शिक्षक ही नहीं होंगे, तो हमारे बच्चों का उज्ज्वल भविष्य कैसे बनेगा?
*बच्चों का भविष्य अधर में, हर साल बढ़ रही है परेशानी*
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नवोदय नगर सिडकुल की सबसे बड़ी औद्योगिक आवासीय कॉलोनी है। यहां हजारों मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्गीय परिवार रहते हैं। लेकिन विडंबना देखिए कि इतनी बड़ी आबादी के बावजूद यहां एक भी राजकीय इंटर कॉलेज नहीं है। छोटे-छोटे बच्चों को 4-5 किलोमीटर दूर दूसरे विद्यालयों में जाने को मजबूर होना पड़ता है। बरसात में जलभराव और जंगल के रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी माता-पिता हमेशा चिंतित रहते हैं।
कई परिवार तो ऐसे हैं जो आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में नहीं भेज पा रहे हैं और सरकारी स्कूल दूर होने के कारण उनके बच्चे शिक्षा से वंचित रह जा रहे हैं।
*जनता की प्रमुख 3 मांगें*
नवोदय नगर की जनता ने इस बार आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं –
*1. गवर्नमेंट इंटर कॉलेज का निर्माण शीघ्र हो:* नवोदय नगर में तत्काल भूमि चिन्हित कर गवर्नमेंट इंटर कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
*2. पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति:* जब तक भवन नहीं बनता, तब तक अस्थायी व्यवस्था में चल रहे विद्यालय में सभी विषयों के पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
*3. सुचारु संचालन की व्यवस्था:* विद्यालय में फर्नीचर, शौचालय, पेयजल, बिजली और सुरक्षा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ तत्काल सुनिश्चित की जाएं।
*सांसद से जनता के दो बड़े सवाल*
नवोदय नगर की जनता ने हरिद्वार सांसद से सीधे सवाल पूछे हैं –
*📌 पहला सवाल:* 11 नवंबर 2021 को वर्तमान सरकार द्वारा नवोदय नगर में विद्यालय निर्माण का आश्वासन दिया गया था। उस आश्वासन को 4 साल बीत चुके हैं। आखिर नवोदय नगर के बच्चों को विद्यालय की पूर्ण शैक्षिक सुविधा कब तक उपलब्ध हो पाएगी? इसका जवाब जनता को चाहिए।
*📌 दूसरा सवाल:* जब तक स्थायी विद्यालय व्यवस्था पूरी नहीं होती, तब तक बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक शैक्षिक व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है? क्या गरीब के बच्चे का शिक्षा का अधिकार नहीं है?
*जनता की एक ही हुंकार -*
*“हमारे बच्चों की शिक्षा से समझौता नहीं — हमें अपना विद्यालय चाहिए, हमारे बच्चों को उनका अधिकार चाहिए।”*
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे जिलाधिकारी कार्यालय और सांसद आवास पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
*शिक्षा का अधिकार — हर बच्चे का अधिकार।*
*शिक्षित नवोदय नगर — विकसित नवोदय नगर।*



