हरिद्वार में गूंजा जयकारा: कैबिनेट मंत्री और आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज का 75वां जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया, देश-विदेश से जुटे लाखों अनुयायी
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु *सतपाल महाराज* का 75वां जन्मदिन रविवार को हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के पहले ही दिन देश के कोने-कोने के साथ-साथ विदेशों से भी हजारों की संख्या में उनके अनुयायी हरिद्वार पहुंचे।
 
इस भव्य समारोह के लिए ऋषिकुल मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया था। शाम को जैसे ही सतपाल महाराज कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, पूरे मैदान में जयकारे गूंज उठे। अनुयायियों ने पुष्प वर्षा और पुष्प भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया और जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। महाराज जी के दर्शन पाते ही अनुयायियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण विदेशी अनुयायियों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विदेशी अनुयायियों ने गीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समारोह में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया और भारतीय संस्कृति के प्रति अपने प्रेम को दर्शाया।
इस अवसर पर अपने अनुयायियों को संबोधित करते हुए आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज ने कहा कि “जन्मदिन के अवसर पर हरिद्वार पहुंचे लाखों अनुयायियों को मैं हृदय से आशीर्वाद और शुभकामनाएं देता हूं। हरिद्वार मां गंगा का द्वार है। मां गंगा निर्मलता और पवित्रता का संदेश देती हैं। हमें गंगा के इस पवित्र संदेश से सीख लेते हुए जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर देश और समाज के विकास के लिए काम करना चाहिए। भारत भूमि को शस्य-श्यामला बनाने के लिए हमें एकजुट होकर कार्य करना होगा।”
उन्होंने सभी अनुयायियों से प्रेम, सद्भाव और एकता के साथ राष्ट्र निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।



