14 October 2026

प्रदेश प्रभारी अनिल चौधरी ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, बोले—पूरी ताकत से चुनाव लड़कर बसपा को सत्ता में लाना है

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

देहरादून। बहुजन समाज पार्टी ने आगामी चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को देहरादून में बसपा प्रदेश प्रभारी अनिल चौधरी ने जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह, महानगर अध्यक्ष एस.पी. गौतम, जोन प्रभारी सत्यपाल सिंह, विधानसभा जोन प्रभारी सरदार जसपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ चुनावी समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा उम्मीदवारों के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में प्रदेश प्रभारी अनिल चौधरी ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव को गंभीरता से लेते हुए पूरी मजबूती के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसका जमीनी संगठन और मिशनरी कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक बूथ पर समर्पित एवं सक्रिय मिशनरी कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम खड़ी की जाए, जो चुनाव तक लगातार जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनाव में सफलता का आधार बनेगा।

अनिल चौधरी ने कहा कि देहरादून में बसपा को पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ना है और जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम करें। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका समझते हुए संगठन को मजबूत करने में जुटना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीदवारों का चयन सोच-समझकर, उनकी जनस्वीकार्यता, क्षेत्र में सक्रियता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए, ताकि पार्टी चुनाव में प्रभावी प्रदर्शन कर सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनता सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान है तथा प्रदेश में बेहतर विकल्प की तलाश कर रही है। ऐसे में बसपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा, नीतियों और सर्वसमाज के हित में किए जाने वाले कार्यों को मजबूती से रखें।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि जनता के सामने केवल राजनीतिक विकल्पों की बात करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे यह विश्वास दिलाना होगा कि बहुजन समाज पार्टी सत्ता में आकर सर्वसमाज के विकास, सामाजिक न्याय, समान अवसर और आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कार्य करेगी।

अनिल चौधरी ने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर विश्वास कायम करें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि बसपा को मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी निष्ठा और ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.