ऋषिकुल एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप की तैयारियाँ अंतिम चरण में, देशभर से लगभग 350 पूर्व छात्र पंजीकृत- डॉ वेद भूषण शर्मा
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार, 26 नवम्बर 2026,ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (RSESA) तथा उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को राजकीय ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय, हरिद्वार के मालवीय ऑडिटोरियम में आयोजित होने जा रही भव्य एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच गई हैं।
 
इस दो दिवसीय आयोजन को लेकर देशभर के ऋषिकुल के पूर्व स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक लगभग 350 पूर्व छात्र-छात्राओं का पंजीकरण प्राप्त हो चुका है। देश के विभिन्न राज्यों से पूर्व विद्यार्थी इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए हरिद्वार पहुँच रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले अनेक अतिथियों एवं पूर्व विद्यार्थियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था प्रेम नगर आश्रम में की गई है।
आयोजन के प्रथम दिवस, 28 नवम्बर को प्रातः अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के पश्चात उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड के आयुष मंत्री माननीय श्री मदन कौशिक जी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। उद्घाटन सत्र के पश्चात आयुर्वेद के विभिन्न समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा कार्यशालाओं एवं अकादमिक विमर्श का आयोजन किया जाएगा। प्रथम दिवस की संध्या में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें ऋषिकुल की पुरानी यादों, आपसी सौहार्द एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक भावनात्मक और उल्लासपूर्ण वातावरण निर्मित होगा।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस, 29 नवम्बर को ऋषिकुल से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व विद्यार्थियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें संस्थान से जुड़े स्वर्ण जयंती एवं रजत जयंती बैच के पूर्व विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात समापन समारोह आयोजित होगा।
RSESA के सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ऋषिकुल के गौरवशाली शैक्षणिक इतिहास से जुड़े पूर्व स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को एक साझा मंच पर लाना, विभिन्न पीढ़ियों के चिकित्सकों के बीच संवाद स्थापित करना, आयुर्वेद में शोध एवं अकादमिक सहयोग को प्रोत्साहित करना तथा संस्थान की गौरवशाली परंपरा को और अधिक सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकुल केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हजारों आयुर्वेद चिकित्सकों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार रहा है। यह आयोजन पुरानी स्मृतियों को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ भविष्य में शैक्षणिक सहयोग एवं संस्थागत विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बिनीत कुमार अग्निहोत्री एवं RSESA की कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। देशभर से मिल रहे उत्साहजनक सहयोग से आयोजक अत्यंत उत्साहित हैं।
RSESA परिवार सभी पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयुर्वेद प्रेमियों का इस ऐतिहासिक आयोजन में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता है।



