अपशिष्ट संग्रहण एजेंसी पर नगर निगम हरिद्वार की सख़्त कार्रवाई ₹10,000 की चालानी कार्रवाई के साथ संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी जारी

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

हरिद्वार। दिनांक 16-12-2025 को राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों द्वारा की गई शिकायत पर नगर निगम हरिद्वार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अपशिष्ट संग्रहण एजेंसी ईकोन वाटरग्रेस के विरुद्ध कड़ी चालानी कार्रवाई की।

 

शिकायत के सत्यापन के उपरांत यह पाया गया कि कचरा परिवहन में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इस पर नगर निगम द्वारा ईकोन वाटरग्रेस पर ₹10,000 (दस हजार रुपये) की चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही कंपनी को यह कड़ी चेतावनी भी जारी की गई कि भविष्य में यदि इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति होती है, तो अनुबंध समाप्त करते हुए कंपनी को ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी कंपनी को समस्त अपशिष्ट वाहनों को ढककर निस्तारण स्थल तक भेजने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे तथा इस संबंध में पूर्व में चेतावनी भी जारी की जा चुकी थी। इसके बावजूद पुनः लापरवाही पाए जाने पर आज चालानी कार्रवाई की गई।

इस संबंध में नगर आयुक्त ने कहा कि“नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरणीय मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कचरा संग्रहण एवं परिवहन में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी एजेंसियों को अनुबंध की शर्तों का पूर्ण पालन करना अनिवार्य होगा।”

नगर निगम हरिद्वार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर तत्काल, प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था और पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.