20 February 2026

देसंविवि की एक और कीर्तिमान, लंदन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज

विज्ञापन

 

हरिद्वार 18 फरवरी। हरिद्वार स्थित जीवन विद्या के आलोक केन्द्र देव संस्कृति विश्वविद्यालय ने एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि अपने नाम की है। विश्वविद्यालय के एमएससी (मानव चेतना एवं योग विज्ञान) प्रथम वर्ष के छात्र अभिषेक कुमार ने अपनी असाधारण साधना, एकाग्रता और शारीरिक क्षमता के बल पर लंदन बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराने में सफलता प्राप्त की है।

 

विवि के योग विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 जनवरी 2026 को ‘लंदन बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड’ की ओर से एक ऑनलाइन स्पर्धा का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में देसंविवि के छात्र अभिषेक कुमार ने 31 मिनट में 331 सूर्य नमस्कार पूर्ण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी संख्या में सूर्य नमस्कार करना शारीरिक सहनशक्ति, श्वास-नियंत्रण और मानसिक संतुलन का अद्वितीय उदाहरण है। विश्वविद्यालय की वैज्ञानिक योग प्रशिक्षण पद्धति ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभिषेक कुमार ने पूर्व में भी योग क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने द्विपाद विपरीत दंडासन जैसी जटिल मुद्रा में 11 मिनट 05 सेकंड तक स्थिर रहकर गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया था। इसके लिए उन्होंने योग के शारीरिक अभ्यास के साथ ही आत्मबल और साधना की प्रक्रिया का निरंतर अभ्यास किया।

इस उपलब्धि का प्रमाण पत्र मिलने के पश्चात अभिषेक कुमार ने विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या से भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिकुलपति ने इसे विश्वविद्यालय की समृद्ध योग परंपरा के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के पारिवारिक वातावरण और सकारात्मक सोच को दिया। योग विभाग सहित समस्त विवि परिवार ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.