श्री शान्तानंद शास्त्री जी महाराज तथा महंत मीरा चेतन जी महाराज की अनंत कृपा से विशाल संत समागम एवं भव्य संत भंडारे का आयोजन हुआ

विज्ञापन

प्रमोद कुमार

हरिद्वार वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर मनोज मनोजानंद खड़खड़ी स्थित श्री जगदीश आश्रम में आज आध्यात्मिक आस्था, संत परंपरा और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ महामंडलेश्वर प्रातः स्मरणीय श्री शान्तानंद शास्त्री जी महाराज तथा महंत मीरा चेतन जी महाराज की अनंत कृपा से विशाल संत समागम एवं भव्य संत भंडारे का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह पावन आयोजन आश्रम के परमाध्यक्ष महंत स्वामी योगेन्द्रानंद सरस्वती जी महाराज के पवित्र सानिध्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें दूर-दूर से पधारे संत महापुरुषों, श्रद्धालुओं और भक्तजनों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को दिव्य स्वरूप प्रदान किया।इस अवसर पर उपस्थित महामंडलेश्वर हरि चेतनानंद महाराज ने अपने दिव्य उद्बोधन में कहा कि श्री जगदीश आश्रम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि यह पिछले सौ वर्षों से भी अधिक समय से समाज सेवा, आध्यात्मिक उत्थान और जनकल्याण का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पावन धाम निरंतर समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है तथा शिक्षा और अध्यात्म के माध्यम से विश्व को सकारात्मक संदेश प्रदान कर रहा है। उनके विचारों ने उपस्थित जनसमूह को धर्म, सेवा और संस्कारों के प्रति और अधिक प्रेरित किया।महंत रवि देव महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि संत महापुरुषों की सेवा का अवसर अत्यंत दुर्लभ होता है और उनका सानिध्य मनुष्य को बड़े भाग्य से प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि संतों के चरणों में बैठकर मनुष्य को जीवन का वास्तविक ज्ञान, शांति और मोक्ष का मार्ग प्राप्त होता है। वहीं महंत कमलेशानन्द सरस्वती महाराज ने गुरु महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जो भक्त सच्चे भाव से गुरु की शरण में आ जाता है, उसका मानव जीवन धन्य और सार्थक हो जाता है। गुरु ही जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले दिव्य पथप्रदर्शक होते हैं।कार्यक्रम में महंत स्वामी अमृतानंद महाराज, म स्वामी विवेकानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी चिद्ध विलासानंद महाराज, आचार्य सूर्यदेव जी महाराज, महंत स्वामी वीरेंद्र स्वरूप महाराज, नागा बाबा गजेन्द्र गिरी महाराज, महंत हरेंद्र दास महाराज, स्वामी हरिदास महाराज, कोतवाल कमल मुनि महाराज तथा कोतवाल श्याम गिरी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत महापुरुष उपस्थित रहे। संतों के दिव्य वचनों और आशीर्वचनों से पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।कार्यक्रम के उपरांत विशाल संत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं एवं संत महापुरुषों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। आश्रम प्रबंधन द्वारा की गई भव्य व्यवस्था और अनुशासित आयोजन की सभी उपस्थित जनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह दिव्य आयोजन हरिद्वार की संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का एक अनुपम उदाहरण बनकर श्रद्धालुओं के हृदय में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। इस अवसर पर महंत स्वामी योगेंद्रानंद शास्त्री महाराज ने कहा गुरु इस पृथ्वी लोक पर साक्षात परमात्मा के स्वरूप में हम लोगों के मार्गदर्शन हेतु अवतरित होते हैं और हमारे मानव जीवन को धन्य तथा सार्थक कर देते हैं गुरु की महिमा बड़ी ही अपरंपार है गुरु देव उंगली पड़कर भवसागर पार करा देते हैं गुरु की महिमा और कृपा अनंत होती है इस अवसर पर पूर्व पार्षद श्री अनिरुद्ध भाटी भाजपा वरिष्ठ नेता श्री सुनील सेठी सहित अनेकों लोग उपस्थित थे

 

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.