बढ़ते प्रदूषण को लेकर जल्द ही उत्तराखंड मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा जाएगा- प्रियव्रत

विज्ञापन

हरिद्वार बहादराबाद इब्राहिमपुर गांव के ग्रामीणों का दर्द अब खुलकर सामने आने लगा है। आबादी क्षेत्र के नजदीक संचालित कंपनियों से निकल रहे जहरीले धुएं, काले धुएं के गुबार और कूड़ा-करकट से गांव का वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदूषण की वजह से लोगों में विभिन्न प्रकार की गंभीर बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है और बच्चों व बुजुर्गों का स्वास्थ्य सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। गांववासियों का आरोप है कि संबंधित कंपनियां प्रदूषण नियंत्रण मानकों की खुलेआम अनदेखी कर रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सांस लेने तक में दिक्कत हो रही है।

 

इस गंभीर मुद्दे को लेकर विश्व दलित परिषद के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रियव्रत ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को लेकर जल्द ही उत्तराखंड मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराते हुए ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी।

श्री प्रियव्रत ने कहा कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह समस्या विकराल रूप धारण कर सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली कंपनियों की जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित जीवन मिल सके।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.