निर्मल हरिद्वार परियोजना के अंतर्गत विद्यालयों में स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार, 11 सितंबर 2026। डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स (Development Alternatives–DA) एवं आदर्श युवा समिति (आयुस) के द्वारा निर्मल हरिद्वार परियोजना के अंतर्गत शुक्रवार को हरिद्वार के दो विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिग सेशन आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कक्षा 6 से 9 तक के कुल 170 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
 
डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, वार्ड संख्या 30, चौक बाजार में आयोजित जागरूकता सत्र में 62 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को जागरूकता पर्चे वितरित किए गए तथा चार-बिन कचरा पृथक्करण प्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। लाइव प्रदर्शन एवं चार्ट आधारित गतिविधि के माध्यम से उचित कचरा निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही, एनएमसी (Non-Mechanised Composter) की कार्यप्रणाली तथा कंपोस्टिंग के लिए उपयुक्त गीले कचरे के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों की समझ को मजबूत करने के लिए क्विज एवं प्रश्नावली का आयोजन भी किया गया।
इसी क्रम में शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज, वार्ड संख्या 16, शिवलोक में आयोजित बिग सेशन में 108 विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों को निर्मल हरिद्वार परियोजना, चार-बिन कचरा पृथक्करण प्रणाली एवं जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया गया। एनएमसी के उद्देश्य, कार्यप्रणाली तथा कंपोस्टिंग के लिए उपयोगी गीले कचरे की जानकारी दी गई। चार्ट गतिविधि एवं क्विज में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समझ का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता शपथ के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद शर्मा तथा शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज से त्रिलोक चंद भट्ट, उमा भट्ट, मंजू असवाल, राजेश्वरी असवाल, दीप्ति एवं आकांक्षा उपस्थित रहे। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता अपनाने, कचरे को स्रोत पर अलग करने तथा स्वच्छ हरिद्वार के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर DA टीम से कमल पोखरियाल एवं निरंजन सिंह तथा आयुस टीम से पवन कुमार सैनी, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, अमित कुमार, वंश, अनिमेष एवं तोफाराम आदि उपस्थित रहे।



