2 October 2026

गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान

विज्ञापन

 

हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

 

इसके उपरांत नवोदय नगर पुलिस लाइन गेट से कलेक्ट्रेट आवासीय कॉलोनी तक नगर पालिका कर्मचारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में स्वच्छता, सेवा और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा था, वहीं लाल बहादुर शास्त्री का सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए हमें अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए।

राजीव शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण संभव है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता एवं जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.