भेल में कार्यरत संविदा श्रमिक के पुत्र का MBBS में चयन, अंबेडकर शिक्षा कार्यक्रम से मिली सफलता की राह
हरिद्वार। बीएचईएल, हरिद्वार के हीप स्थित ब्लॉक-2, बे-1 में संविदा श्रमिक के पद पर कार्यरत खूब सिंह के पुत्र प्रशांत कुमार ने नीट-2026 की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार का सपना साकार किया है। प्रशांत को ऑल इंडिया प्रथम चरण की काउंसलिंग में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, वाराणसी, उत्तर प्रदेश में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है।
उल्लेखनीय है कि मूल रूप से ग्राम तिगरी मनकावाला, नगीना, बिजनौर के निवासी खूब सिंह वर्तमान में वाटर वर्क्स कॉलोनी, शिवलोक, हरिद्वार में रहते हैं। उनके पुत्र प्रशांत कुमार बचपन से ही होनहार एवं मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिक्षा मंदिर, तरुण हिमालय कॉलेज, शिवलोक, हरिद्वार से प्राप्त की।
 
इसके पश्चात बीएचईएल अनुसूचित जाति इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकरण संख्या 1075) द्वारा निर्धन परिवारों के बच्चों के लिए निःशुल्क संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित होकर जवाहर नवोदय विद्यालय, रोशनाबाद से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूर्ण की।
प्रशांत की माता संगीता देवी ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उनके पुत्र ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि पर बीएचईएल अनुसूचित जाति इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन और स्थानीय लोगों ने प्रशांत को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



