कलाम जयंती पर मदरसे में मनाया गया छात्र दिवस, बच्चों को बताए गए वैज्ञानिक के आदर्श
हरिद्वार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के दिशा-निर्देशानुसार चलाए जा रहे महाभियान के अंतर्गत बुधवार को भारत रत्न, पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की जयंती को छात्र दिवस के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम भगतनपुर आबिदपुर स्थित मदरसा अरशदिया दारुल उलूम इक्कड़ कलां में आयोजित किया गया।
 
कार्यक्रम में मदरसे के छात्र-छात्राओं को डॉ. कलाम के जीवन, उनके संघर्षों और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार एक साधारण परिवार से निकलकर डॉ. कलाम ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर देश के सर्वोच्च पद तक का सफर तय किया और मिसाइलमैन के नाम से विश्व प्रसिद्ध हुए।
इस अवसर पर नालसा (NALSA) अभियान के तहत चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी छात्रों और मदरसा प्रबंधन को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अधिकार मित्र योगेंद्र पाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी केवल एक वैज्ञानिक या राष्ट्रपति ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत थे। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सपने बड़े देखो और उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करो। शिक्षा ही वह हथियार है जो समाज की हर कुरीति को खत्म कर सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानून की जानकारी और शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। मदरसे के बच्चों में शिक्षा के प्रति जो ललक देखी गई है, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। उन्होंने बच्चों से डॉ. कलाम के बताए मार्ग पर चलने और खूब मन लगाकर पढ़ने का आह्वान किया।
इस अभियान में अधिकार मित्र योगेंद्र पाल के साथ पीएलवी मानसी, सोनिया, गुरुदास और चरण सिंह ने मदरसे के शिक्षक शिक्षिकाओं नें प्रतिभाग किया



