4 November 2026

ग्राम टीरा टोंगिया में ₹78.40 लाख की पेयजल योजना का विधायक आदेश चौहान ने किया शुभारंभ

विज्ञापन

 

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम टीरा टोंगिया में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में विधायक श्री आदेश चौहान ने ₹78.40 लाख की पेयजल योजना का विधिवत पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस योजना से ग्राम टीरा टोंगिया सहित ग्राम खाला टीरा एवं टांडा टीरा के सैकड़ों परिवारों को बेहतर पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

 

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व लगभग ₹2 करोड़ की लागत से क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने के साथ ही ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा चुका है। इसके बावजूद गर्मी के मौसम में पुराने नलकूप की क्षमता पर्याप्त न होने के कारण ग्रामीणों को नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति की समस्या का सामना करना पड़ता था। नई पेयजल योजना के माध्यम से इस समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक श्री आदेश चौहान ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल प्रत्येक परिवार की बुनियादी आवश्यकता है और गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़े, यह उचित नहीं है। इसी आवश्यकता को देखते हुए इस योजना को स्वीकृत कराकर कार्य प्रारंभ कराया गया है। हमारा प्रयास है कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की सुविधा पहुंचे। क्षेत्र का समग्र विकास और जनसमस्याओं का स्थायी समाधान ही हमारी प्रतिबद्धता है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिमलेश देवी ने विधायक श्री आदेश चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम टीरा टोंगिया, खाला टीरा एवं टांडा टीरा के ग्रामीण पुराने नलकूप से पर्याप्त पानी उपलब्ध न होने के कारण पेयजल की समस्या का सामना कर रहे थे। विधायक जी ने ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ₹78.40 लाख की योजना स्वीकृत कराकर कार्य प्रारंभ कराया है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधायक जी के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, जिसके लिए समस्त क्षेत्रवासी उनके आभारी हैं।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनिल कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि कुमार, प्रदीप राठौर, रामपाल सिंह, नाथी सिंह, डॉ. कुलदीप चौहान, नरेश राठौर, जसप्रीत सिंह एवं सुरेश प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अतुल वशिष्ठ मीडिया प्रभारी

विज्ञापन

ये भी पढ़ें

Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.