डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
हरिद्वार। धर्मनगर में लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार शाम श्रद्धा और भक्ति के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। इस अवसर पर व्रती पारंपरिक वेशभूषा में पूजा सामग्री, फल-फूल और प्रसाद से सजे बांस के सूप लेकर नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचे। व्रतियों ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की।
 
छठ पूजा के दौरान हरिद्वार के हर की पौड़ी, गोविंद घाट, परशुराम घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक छठ गीतों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। व्रतियों के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और सूर्य उपासना की। विशेष रूप से पूर्वांचल मूल के परिवारों में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। ज्योतिषाचार्य रितेश कुमार तिवारी ने बताया कि सूर्य प्रत्यक्ष देवता और समस्त जगत की ऊर्जा का स्रोत है। वहीं, छठी मैया संतान की रक्षा, सुख-समृद्धि और परिवार का कल्याण करने वाली देवी है। छठ व्रत करने और विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यह पर्व संतान की दीर्घायु, परिवार की खुशहाली और जीवन में सुख-शांति की कामना से भी जुड़ा हुआ महापर्व है। उन्होंने बताया कि महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को सुबह 6:44 बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रत का पारण किया जाएगा और इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।



