गंगानगरी कॉलोनी में वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, मुख्य नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

हरिद्वार शिवालिक नगर वार्ड संख्या-3 स्थित गंगानगरी कॉलोनी में लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा मुख्य नाले के निर्माण की मांग की जा रही थी। बरसात के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय निवासियों को जलभराव एवं अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासियों की इस प्रमुख मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने मुख्य नाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

 

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि गंगानगरी कॉलोनी के नागरिक लंबे समय से मुख्य नाले के निर्माण की मांग कर रहे थे। आज इस महत्वपूर्ण कार्य के शुभारंभ के साथ क्षेत्रवासियों की एक बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्य नाले के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आएगी तथा क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा, “गंगानगरी कॉलोनी का मुख्य नाला क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग रही है। इस नाले के निर्माण से न केवल जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि बरसात के समय होने वाली परेशानियों से भी लोगों को राहत मिलेगी। हमारा प्रयास है कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिले और जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी इसी प्रकार विकास कार्य जारी रहेंगे।”

इसके उपरांत नगर पालिका अध्यक्ष ने रामधाम क्षेत्र में चलाए जा रहे नाला सफाई अभियान का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिकता है। इसके लिए नगर पालिका क्षेत्र में युद्ध स्तर पर नाला सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि विकास, स्वच्छता एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गंगानगरी कॉलोनी में मुख्य नाला निर्माण कार्य एवं व्यापक नाला सफाई अभियान इसी संकल्प का प्रतीक है।

इस अवसर पर सभासद नूतन वर्मा, गरिमा सिंह, हरिओम चौहान, विरेन्द्र अवस्थी, राधेश्याम कुशवाहा व रमेश पाठक, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, रविंद्र उनियाल, निरज प्रेमी, सौरभ चौहान, गौरव चौहान, हरेंद्र सिंह, सुधांशु राय, पंकज पटेल, गौतम पाल,मनोज चौहान, सुंदर, विपुल चौहान, रविंद्र, हरेन्द्र, कपिल, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्त्ता बंधु व बडी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.