मां मनसा देवी चरण पादुका में ठाकुर मनोजानंद ने प्रातः स्मरणीय श्री महंत रवींद्र पुरी जी महाराज से ग्रहण की गुरु दीक्षा
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार। निरंजनी अखाड़ा रोड स्थित सिद्धपीठ मां मनसा देवी चरण पादुका में आध्यात्मिक श्रद्धा और गुरु-भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। इस पावन अवसर पर प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष, मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पंचायती श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव श्री महंत रवींद्र पुरी जी महाराज से सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष तथा ब्रह्म आत्म भवन आश्रम के महंत ठाकुर मनोजानंद ने विधिवत गुरु दीक्षा ग्रहण की।
 
दीक्षा उपरांत महंत ठाकुर मनोजानंद ने गुरु चरणों में श्रद्धापूर्वक वंदना करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी गुरु महिमा का गुणगान करते हुए गुरु कृपा को मानव जीवन का सर्वोच्च मार्गदर्शन बताया।
कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित भक्तों ने गुरु-शिष्य परंपरा को सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि गुरु का सान्निध्य ही जीवन को सही दिशा और आत्मिक उन्नति प्रदान करता है।

