शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा हेतु निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
लक्सर/हरिद्वार। आज सावन माह में पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की स्वास्थ्य सुरक्षा और सेवा के उद्देश्य से आज रुड़की रोड स्थित फार्मेटेक एजेंसी, लक्सर कार्यालय परिसर में एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर डॉ. सोनू चौधरी, डॉ. संदीप चौधरी एवं डॉ. अरविंद चौधरी के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में समाज सेविका नीतू सिंह, पहली पहल एजुकेशनल सोसाइटी (एनजीओ) हरिद्वार तथा रोटरी क्लब कनखल, हरिद्वार का विशेष सहयोग प्राप्त है।
 
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन लंढौरा रियासत की देवयानी सिंह रानी जी एवं कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन जी द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर सभी अतिथियों ने शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा को पुण्य कार्य बताते हुए इस पहल की सराहना की और समाज के अन्य संगठनों को भी ऐसे सेवा कार्यों के लिए आगे आने का आह्वान किया।
शिविर में कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श एवं निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। शिवभक्तों की विभिन्न स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यहां फिजीशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ तथा ग्रामीण चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। विशेष रूप से यात्रा के दौरान होने वाली थकान, चोट, बुखार, डिहाइड्रेशन तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं का उपचार किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में आने वाले सभी भोले और भोली श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। शिविर को परिवार अनुकूल बनाने के लिए बच्चों के लिए चॉकलेट और लीची जूस की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और शिविर में सेवा कार्यों में सहयोग देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और यह स्वास्थ्य शिविर पूरी यात्रा अवधि तक सेवा भाव के साथ संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने इस सामाजिक एवं मानवीय पहल को शिवभक्तों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
“सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” की भावना के साथ यह स्वास्थ्य शिविर शिवभक्त कांवड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगा।

