पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में हरिद्वार में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रमोद कुमार सम्पादक
हरिद्वार 1 सितंबर को हरिद्वार में ज्वेलर्स शोरूम पर हुई डकैती और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस प्रदेश की धामी सरकार पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस प्रदेश संगठन और जनप्रतिनिधि अलग-अलग चरणों में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में हरिद्वार में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसमें चंद्राचार्य चौक से परशुराम चौक होते हुए बालाजी ज्वेलरी शोरूम तक पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शन में कई कांग्रेसी नेताओं समेत सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। विरोध कर रहे कांग्रेसियों ने प्रदेश की धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
 
मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हरिद्वार में शहर के बीचो-बीच दिनदहाड़े डकैती हो जाती है। बदमाश बेखौफ होकर हथियार लहराते हुए निकल जाते हैं और इतने दिन बीत जाने के बाद भी आज तक उन्हें पकड़ा नहीं गया है। ये बहुत अफसोसजनक है। मौजूदा सरकार के शासनकाल में पुलिस के पेशेवर रवैए पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश में जल्द से जल्द कानून व्यवस्था बहाल होनी चाहिए। ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें।

