सोनिया बस्ती में नगर आयुक्त नंदन कुमार का निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश
हरिद्वार। नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार ने ज्वालापुर स्थित सोनिया बस्ती का स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था एवं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण प्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए।
 
नगर आयुक्त ने गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा गंगा एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करें। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ लोगों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया तथा क्षेत्र में संचालित अवैध डेयरी संचालकों को आवश्यक सुधार एवं नियमों के पालन हेतु नोटिस जारी किए गए।
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़ा एकत्र किया जाए, जिससे कहीं भी कचरा जमा न हो। उन्होंने क्षेत्र की संकरी एवं छोटी गलियों को देखते हुए संबंधित अनुबंधित एजेंसियों को ई-रिक्शा के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रत्येक घर तक प्रभावी रूप से स्वच्छता सेवाएं पहुंच सकें।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा गंगा तट एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।
नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार ने कहा कि “स्वच्छ हरिद्वार” का लक्ष्य जनसहभागिता से ही साकार होगा। नगर निगम नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा सभी के सहयोग से हरिद्वार को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जाएगा।

