25 August 2026

हजरत मोहम्मद साहब ने दुनिया को दिया प्यार और इंसानियत का पैगाम – शफी खान

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

*जश्ने ईद-ए-मिलादुन्नबी पर अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी ने अस्पतालों में बांटे फल*

 

हरिद्वार, 25 अगस्त। जश्ने ईद-उल-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर *अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी* की ओर से इंसानियत और खिदमत का शानदार पैगाम पेश किया गया। सोसायटी के सदस्यों ने *जिला अस्पताल, मेला अस्पताल, महिला अस्पताल और रामकृष्ण मिशन अस्पताल* सहित कई अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की।

इस दौरान सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) ने दुनिया को प्यार, अमन और इंसानियत का पैगाम दिया है और उन्हीं के बताए हुए रास्ते पर चलकर यह सेवा कार्य किया गया है।

शफी खान अध्यक्ष, अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी ने कहा कि”हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम दिया है। उनका पूरा जीवन गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों की मदद के लिए समर्पित था। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के इस पाक मौके पर हमने अस्पतालों में जाकर मरीजों की खिदमत करने की कोशिश की है। यही सच्चा इस्लाम है – दीन-दुखियों के काम आना।”

राहील कुरैशी महासचिव ने कहा कि “हम हर साल ईद मिलादुन्नबी पर फल वितरण का कार्यक्रम करते हैं। इसका मकसद यही है कि समाज में यह संदेश जाए कि खुशी का असली मतलब बांटने में है। आज हमने मरीजों के बीच जाकर उनकी खैरियत पूछी और फल बांटे। इंशाअल्लाह आगे भी सोसायटी इसी तरह समाज सेवा के कार्य करती रहेगी।”

इस मौके पर हाजी जमशेद खान (नायब सदर, सोसायटी एवं सदर, ज्वालापुर ईदगाह कमेटी) ने कहा कि “पैगंबर-ए-इस्लाम की तालीम यही है कि भूखे को खाना खिलाओ और बीमार की इयादत करो। आज हमने जिला अस्पताल से लेकर सभी अस्पतालों में जाकर मरीजों को फल बांटे हैं। यह देखकर बहुत सुकून मिला। हम सभी लोगों से अपील करते हैं कि वे भी अपने-अपने स्तर पर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।”

इस अवसर पर नौशाद मंसूरी ने कहा कि “ईद मिलादुन्नबी रहमत का महीना है। इस महीने में नेक काम करने का सवाब कई गुना बढ़ जाता है। अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार काफी परेशान होते हैं, ऐसे में फल के रूप में छोटी सी मदद भी उनके चेहरे पर मुस्कान ले आती है। सोसायटी का यह प्रयास काबिले तारीफ है और हम आगे भी ऐसे कार्यक्रम करते रहेंगे।”

इस अवसर पर *जैनुल अंसारी, फुरकान अंसारी, नसीम सलमानी, शौकीन अब्बासी* सहित सोसायटी के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.