पॉक्सो एक्ट पर छात्राओं को किया जागरूक, न्यायाधीशों ने बताए सोशल मीडिया अपराधों से बचने के उपाय
हरिद्वार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा बाल सुरक्षा अधिनियम पॉक्सो के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न विद्यालयों में चलाए जा रहे सुरक्षित बचपन-सुरक्षित भविष्य कार्यक्रम के अंतर्गत आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ज्वालापुर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
 
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में माननीय न्यायाधीश धनिष्ठा आर्या ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट और बच्चों के साथ सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों से बचने व अपराधों को रोकने की जानकारी दी।
शिविर में सिडकुल थाना एसआई प्रवीण बिष्ट, ज्वालापुर कोतवाली से बीट अधिकारी कर्म सिंह चौहान, अंकित कवि, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और योगेंद्र पाल रवि अधिकार मित्र के साथ अधिकार मित्र मानसी ने प्रतिभाग किया। शिविर में लगभग 225 लोगों की उपस्थिति रही।
वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे वृहद अभियान सुरक्षित बचपन के अंतर्गत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर में भी शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें माननीय न्यायाधीश छवि बंसल, न्यायाधीश विभा यादव एवं न्यायाधीश धनिष्ठा आर्या ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को पॉक्सो एक्ट, सुरक्षा उपायों और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।



