16 November 2026

नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग की सख्ती -187 चालान, 7 वाहन सीज

विज्ञापन

 

हरिद्वार 14 नवम्बर 2026 सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीमों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद एवं रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित अभियान में विभिन्न अभियोगों में कुल 187 चालान किए गए तथा 7 वाहन सीज किए गए।

 

कार्रवाई में तेज गति से वाहन चलाने पर 68 चालान तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने सहित हेलमेट संबंधी उल्लंघनों पर 70 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त बिना वैध परमिट संचालन, परमिट शर्तों के उल्लंघन, ओवरलोडिंग, अनधिकृत वाहन परिवर्तन, प्रदूषण मानकों के उल्लंघन तथा फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस एवं कर संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो एवं दोपहिया वाहनों की जांच की गई। यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने जैसे उल्लंघनों पर भी चालान किए गए।

अभियान में सुश्री वरुणा सैनी , हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार एवं रविंद्र पाल सैनी द्वारा भी प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें तथा वाहन के आवश्यक प्रपत्र वैध रखें। सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यात्री परिवहन सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.