13 August 2026

सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में विशेष सहायक हैं–नंदन कुमारी

विज्ञापन

संपादक प्रमोद कुमार

बीएचईएल में देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

 

हरिद्वार, 13 अगस्‍त: 80वें स्‍वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्‍य में बीएचईएल हरिद्वार में, स्‍कूली बच्‍चों के “देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम” का आयोजन किया गया । समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं बीएचईएल हरिद्वार लेडीज क्‍लब की संरक्षिका, श्रीमती नंदन कुमारी तथा विशिष्ट अतिथि बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने दीप प्रज्वलन द्वारा किया ।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्रीमती नंदन कुमारी ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ, उनमें देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम हैं । उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल शब्दों तक सीमित न रहकर हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देना चाहिए । श्री रंजन कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बाल कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से देश के प्रति अपने प्रेम और उत्साह को जिस खूबसूरती से अभिव्यक्त किया, वह प्रशंसनीय है।

कार्यक्रम में उपनगरी स्थित बाल मंदिर, विद्या मंदिर, दिल्ली पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, गुरुनानक एकेडमी, शिवडेल स्कूल तथा सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने मनमोहक एवं देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियां दीं । सभी प्रतिभागी टीमों को श्रीमती नंदन कुमारी एवं श्री रंजन कुमार ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया ।

इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, बीएचईएल एवं सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, लेडीज क्लब की पदाधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, उनके अभिभावक तथा मीडिया प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे। अपर महाप्रबंधक (संचार एवं जन संपर्क) श्री निखिल वर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.