बालाजी धाम में धूमधाम से मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, स्वामी प्रबोधानंद महाराज ने सनातन विरोधी षड्यंत्रों पर जताया कड़ा आक्रोश
संपादक प्रमोद कुमार
हरिद्वार, हरिद्वार के कांगड़ी गाजीवाला स्थित बालाजी धाम में प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद महाराज के पतित-पावन सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान स्वामी प्रबोधानंद महाराज ने अपने श्रीमुख से पावन और प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। इसके साथ ही, हाल ही में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महंत रवींद्र पुरी जी महाराज को मिली जान से मारने की धमकी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। स्वामी जी ने धमकी देने वाले व्यक्ति को देश और सनातन संस्कृति का घोर विरोधी करार देते हुए प्रशासन से उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “सनातन धर्म और हमारे पूज्य संतों पर किसी भी प्रकार का प्रहार कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” संत समाज में एकजुटता का संदेश देते हुए महाराज जी ने अखाड़ा परिषद की दो अलग-अलग इकाइयों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने समस्त संत समाज से मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया और अखाड़ा परिषद को पुनः एक करने पर विशेष बल दिया, ताकि सनातन धर्म की शक्ति और अखंडता बनी रहे।
 

