16 November 2026

राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज का पर्यटक सीजन के लिए शुभारंभ, नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने पूजा-अर्चना कर किया उद्घाटन

विज्ञापन

 

हरिद्वार। नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा ने आज राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज के गेट का विधिवत पूजा-अर्चना एवं रिबन काटकर पर्यटक सीजन के लिए शुभारंभ किया।

 

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर और जैव विविधता का अनमोल खजाना है। चीला रेंज अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध वन्यजीव संपदा और रोमांचक जंगल सफारी के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखती है। पर्यटक सीजन शुरू होने से निश्चित रूप से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

श्री राजीव शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीव संपदा से समृद्ध प्रदेश है। हमें पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रकृति एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे जंगल सफारी का आनंद लेने के साथ वन एवं पर्यावरण की स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

इस अवसर पर वार्डन श्री विजय सैनी, रेंजर श्री अचल सिंह गौतम सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं पर्यटक उपस्थित रहे।

पर्यटक सीजन के पहले ही दिन देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। चीला रेंज एक बार फिर पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

विज्ञापन
Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.