गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया

विज्ञापन

हरिद्वार भूपतवाला स्थित श्री अखंड गीता मंदिर आश्रम में संस्थापक परमाध्यक्ष श्री 1008 स्वामी सदानंद जी महाराज की पावन कृपा से गुरु पूर्णिमा महापर्व प्रातः स्मरणीय परम पूज्य साध्वी पूर्णानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालु भक्तों ने गुरु पूजन, भजन-कीर्तन तथा सत्संग में भाग लेकर गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। साध्वी पूर्णानंद जी महाराज ने अपने श्रीमुख से गुरु महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन को ज्ञान, भक्ति और सदाचार के प्रकाश से आलोकित करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति जीवन में कभी भटकता नहीं और उसे ईश्वर की कृपा सहज ही प्राप्त होती है। गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा ही मानव जीवन का वास्तविक आभूषण है। इस दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु वंदना, भजन-कीर्तन एवं जयघोष के साथ गुरु पूर्णिमा महापर्व को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्वक मनाया। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा विश्व के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की मंगलकामना की गई।

विज्ञापन

 

Copyright © All rights reserved. | Sakshar Haridwar Powered by www.WizInfotech.com.